बेटे की मौत पर पोस्टमार्टम हाउस आ रहे पिता को कैंटर ने कुचला
गढ़मुक्तेश्वर/(हापुड़)। हादसे में बेटे की मौत की सूचना पर टेंपो से पोस्टमार्टम हाउस जा रहेे पिता को कैंटर ने कुचल दिया। हादसा मेरठ रोड बाइपास पर हुआ। शनिवार को पिता-पुत्र के शव पोस्टमार्टम के बाद गांव नामपुर नानई लाए गए तो कोहराम मच गया। दोनों के शवों का ब्रजघाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया है। पिता पुत्र की मौत से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव नेक नामपुर नानई निवासी 18 वर्षीय आशु शुक्रवार शाम दोस्त अभिषेक के साथ बाइक से घर लौट रहा था। गढ़-स्याना रोड पर हुए सड़क हादसे में आशु की मौत हो गई थी और उसका दोस्त घायल हो गया था। हादसे की सचूना आशु के पिता ओमपाल (50) को मिली। वह गाजियाबाद की एक निजी फैक्ट्री में नौकरी करते थे और शुक्रवार को किसी काम से मेरठ गए हुए थे। देर शाम बदहवास हालत में ओमपाल एक ऑटो से पोस्टमार्टम हाउस के लिए मेरठ से रवाना हुए। पुलिस के अनुसार जैसे ही ऑटो एनएच-334 पर बाइपास पर पहुंचा तो किठौर रोड पर मुड़ने के बजाए चालक उन्हें धनौरा ले गया। रास्ता भटकने पर चालक ऑटो को रॉग साइड लेकर किठौर रोड की ओर आ रहा था। तभी सामने से आ रहे एक ट्रक ने ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे में ओमपाल की मौत हो गई और ऑटो में बैठे तीन अन्य लोग भी घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने ओमपाल की शिनाख्त के बाद सूचना पुलिस को दी।
आशु के बाद जब ओमपाल की मौत की सूचना परिजनों और ग्रामीणों को मिली तो कोहराम मच गया। गांव में मातम छा गया। पुत्र के साथ पिता के शव को भी पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया। यहां शनिवार को दोनों का पोस्टमार्टम किया गया। शाम पिता-पुत्र के शव गांव लाए गए तो चीत्कार मच गई। परिजन बेसुध हो गए। देर शाम ही पिता-पुत्र का ब्रजघाट गंगा तट पर गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक ओमपाल के पिता डालचंद बेटे और पोते की मौत से बेहाल हैं।
---
परिवार में अकेला कमाने वाले थे ओमपाल
ग्रामीणों ने बताया कि ओमपाल परिवार में अकेले कमाने वाले थे। आशु अच्छे काम की तलाश में था। जबकि उसका पंद्रह वर्षीय एक छोटा भाई शेखर भी है। इसके अलावा परिवार में दो बहनें मौजूद हैं। दोनों का अभी विवाह नहीं हुआ है। परिवार पर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
---
कोहरे के कारण हुआ हादसा
मेरठ रोड एचएच-334 नवनिर्मित हाईवे पर वाहनों की आवाजाही फिलहाल इतनी नहीं रहती। शुक्रवार देर रात हाईवे पर कोहरा अधिक था। लोगों के मुताबिक ऐसे में अचानक ऑटो के गलत दिशा से आने पर हादसा हो गया। यदि चालक संयम बरतकर ऑटो को अगले कट से सही दिशा में लेकर वापस लौटता तो यह हादसा ही नहीं होता।