एनएच 334 हाईवे में आई दरार, मरम्मत में जुटा एनएचएआई
हापुड़। मेरठ-बुलंदशहर हाईवे 334 से जुड़े सादिकपुर गांव के पास एक हिस्से में दरार आ गई। जिसके चलते यहां से गुजर रहे वाहनों के लिए हादसे का खतरा बढ़ गया है। हालांकि आनन फानन में एनएचएआई ने सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया है। एनएचएआई के अधिकारी इसे मामूली क्रेक बता रहे हैं।
मेरठ से बुलंदशहर एनएच 334 का निर्माण हाल ही में पूरा हुआ था और इसके लिए करीब 2200 करोड़ रुपये की भारी भरकम धनराशि खर्च की गई। इस हाईवे को पूरी तरह से आधुनिक बनाया गया है। यह हाईवे आधुनिक सुविधाओं से लैस बनाया गया है। हाल ही में इस हाईवे का वर्चुअल उद्घाटन भी हुआ है। लेकिन इसके बावजूद बुलंदशहर की ओर गांव सादिकपुर के पास सड़क के एक हिस्से में दरार आ गई। दरार आने के कारण वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। तेज गति से आने वाले वाहन यहां आकर अनियंत्रित हो रहे थे। इस बात की जानकारी अधिकारियों को होने के बाद सभी सकते में आ गए। आनन फानन में हाईवे के इस हिस्से को ब्लॉक करते हुए बृहस्पतिवार को इसका मरम्मत कार्य शुरू किया गया।
कोहरे के दौरान हो सकता है हादसॉ
हाईवे पर क्रेक आना कोई मामूली घटना नहीं है। इससे कार्यदायी संस्था के निर्माण कार्य पर सवालिया निशान तो लगा ही है वहीं हादसे का भी खतरा बढ़ गया है। कोहरे के दौरान वाहन चालकों कोे लिए और ज्यादा मुसीबत बढ़ सकती है। क्योंकि रात के समय वाहनों को सड़क के इस हिस्से से गुजरने से रोकने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ सकती है।
मामूली क्रेक बता रहे अधिकारी-
एनएचएआई के परियोजना निदेशक डीके चतुर्वेदी का कहना है कि हाईवे का एक ब्लॉक मामूली रूप से क्रेक हो गया था, जिसके कारण वाहन चालकों को परेरानी का सामना करना पड़ रहा था। वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसे देखते हुए हाईवे की मरम्मत कराई जा रही है।