रिसोर्स सेंटर का पंचायती राज मंत्री ने किया उद्घाटन
हापुड़। क्षेत्र के गांव गोहरा आलमगीरपुर में पंचायत रिसोर्स सेंटर का बृहस्पतिवार को पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने उद्घाटन किया। इस सेंटर का मुख्य उद्देश्य जिले के गांवों में बेहतर तरीके से विकास कराना है। साथ ही ग्राम प्रधानों और सदस्यों, प्रतिनिधियों को आधुनिक प्रशिक्षण देना है। इस दौरान भाजपा के जनप्रतिनिधि और पदाधिकारियों ने भी भाग लिया।
जिला पंचायत द्वारा गांव गोहरा में 2800 वर्ग मीटर भूमि पर 2.08 करोड़ की लागत से पंचायत रिसोर्स सेंटर का निर्माण कराया गया। सेंटर के एक हिस्से में हॉस्टल का निर्माण कराया जाएगा। सेंटर में कुछ प्रशिक्षण दो तीन दिवसीय भी होंगे। ऐसे में प्रधानों को यहां रात्रि विश्राम की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। हॉस्टल सभी सुविधाओं से लैस होगा। सेंटर का निर्माण अक्तूबर माह में पूरा हो गया था। इसका उद्घाटन 26 दिसंबर को होना था, लेकिन किसी कारणवश मंत्री का कार्यक्रम स्थगित हो गया था। बृहस्पतिवार को मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने सेंटर का उद्घाटन किया। रिसोर्स सेंटर बनाने का मुख्य उद्देश्य ग्राम प्रधान, जिला पंचायत ग्राम पंचायत सदस्यों को प्रशिक्षण देना है। सेंटर में सिनेमा हाल की तरह एक स्क्रीन भी बनवाई गई है। इसमें प्रधानों को गांवों में विकास की नई तकनीक और सरकारी योजनाओं की जानकारी के साथ विदेशों में गांवों की स्थिति से संबंधित फिल्में दिखाई जाएंगी। इन प्रेरक फिल्मों के माध्यम से ग्राम प्रधानों को अपने गांव को आदर्श गांव के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
एएमए ने बताया कि 25 जिलों में डीपीआरसी भवन बनने में हापुड़ प्रथम स्थान पर रहा है। इस दौरान प्रदेश सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य मनोज बाल्मीकि, भाजपा जिलाध्यक्ष उमेश राणा, गढ़मुक्तेश्वर से विधायक डॉ. कमल सिंह मलिक, विधायक धनौरा राजीव तरारा, सीडीओ उदय सिंह, एएमए प्रणव पांडेय, पवन गोयल, नगर पालिका परिषद हापुड़ के अध्यक्ष प्रफुल्ल सारस्वत, जिला पंचायत सदस्य कृष्णकांत सिंह आदि उपस्थित रहे।