पंचायत चुनावों के लिए हापुड़ पहुंचे मतपत्र
हापुड़। त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की तैयारियां जोरों पर हैं। मार्च में संभावित चुनाव को देखते हुए जिले में मतपत्र भी पहुंच चुके हैं। जिला पंचायत सदस्य, प्रधान, बीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्य सभी के अलग-अलग रंग के मतपत्र होंगे। मतपत्रों से जुड़ी दूसरी औपचारिकताएं भी पूरी की जा रही हैं।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर अभी फिलहाल कोई तिथि निर्धारित भले ही न हो पाई हो, लेकिन इसके लिए राज्य चुनाव आयोग और जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां जोरों पर हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि मार्च माह मे चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव के लिए जिले मत पत्र भी पहुंच चुके हैं। जिले में कुल 29,84,900 मतपत्र पहुंचे हैं। इनमें प्रधान पद के लिए 646200, बीडीसी के लिए 780300, ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 780800 और जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए 777600 मतपत्र चुनाव आयोग द्वारा भेजे गए हैं। चुनाव के दौरान सभी पदों के लिए अलग अलग रंग के मतपत्रों का प्रयोग होगा। इनमें प्रधान पद के लिए हरा, ग्राम पंचायत सदस्य के लिए सफेद, बीडीसी के लिए नीला और जिला पंचायत सदस्य के लिए गुलाबी रंग का मतपत्र होगा। मतपत्रों को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। उधर, चुनाव के लिए डीएम अदिति सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी उदय सिंह को मतदान मतगणना कार्मिक प्रभारी भी नियुक्त कर दिया है।