हवा चलने से एक्यूआई में आई गिरावट, मिली राहत
हापुड़। शहर के लोगों को बुधवार को वायु प्रदूषण से काफी हद तक राहत मिली। हवा चलने से हापुड़ के एक्यूआई में काफी गिरावट देखने को मिली। हालांकि अभी भी वायु गुणवत्ता सामान्य से पांच गुना तक प्रदूषित है। हापुड़ का एक्यूआई बुधवार को 283 दर्ज किया गया।
पिछले दिनों हापुड़ की आबोहवा सामान्य से करीब आठ गुना तक प्रदूषित रही थी। एक्यूआई लाल श्रेणी में शामिल होकर 450 के पार भी चला गया था। इसका सीधा प्रभाव लोगों की सांसों पर भी पड़ रहा है। हालांकि हापुड़ के एक्यूआई में बुधवार को काफी गिरावट दर्ज की गई। लोगों ने भी एक्यूआई में सुधार होने पर थोड़ी राहत महसूस की। सुबह से हवा चलने से वातावरण में जमे धूल के कण कम हुए। इससे एक्यूआई का स्तर गिर गया।
एडीएम जयनाथ यादव ने बताया कि प्रदूषण की रोकथाम के लिए एनजीटी और ग्रेप नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। किसी भी हाल में एक्यूआई को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।