सेब से भरा ट्रक पलटा, दो हुए घायल
हापुड़। थाना हाफिजपुर क्षेत्र के एनएच-335 स्थित गांव मुर्शदपुर के पास सेब की पेटियों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक व क्लीनर घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई, हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने यातायात सुचारू कराया। इसके कारण काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।
कश्मीर के पुलवामा क्षेत्र के गांव आजरन निवासी फारूख अपने गांव निवासी क्लीनर रहीस के साथ बुधवार को ट्रक में सेब की पेटियां लेकर अलीगढ़ जा रहे थे। हाफिजपुर क्षेत्र के एनएच-334 स्थित गांव मुर्शदपुर के पास पहुंचने पर अचानक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक व क्लीनर दोनों गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई अन्य वाहन ट्रक की चपेट में नहीं आया। इस दौरान हाईवे पर लोगों की भीड़ लग गई और घायलों को ट्रक से बाहर निकाला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल चालक व क्लीनर को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। इसके अलावा क्रेन से ट्रक को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। हालांकि काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। थाना हाफिजपुर प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि घायलों की हालत में सुधार बताया जा रहा है। फिलहाल इस संबंध में किसी की ओर से तहरीर नहीं आई है।