त्योहार स्पेशल ट्रेन शुरू
हापुड़। दिवाली व छठ पर्व पर यात्रियों को बेहतर रेल परिवहन की सुविधा देने के लिए रेलवे ने त्योहार स्पेशल ट्रेनों की सौगात दे दी हैं, लेकिन लखनऊ की ओर जाने वाली ट्रेनों के रिजर्वेशन में वेटिंग भी आनी शुरू हो गई है।
मार्च माह में लॉकडाउन लगने की वजह से सभी ट्रेनों के पहिये रुक गए थे। हालांकि रेलवे द्वारा 230 ट्रेनों को चलाया गया था। उसके बाद 90 और ट्रेनों को चलाया गया। अब त्योहार स्पेशल ट्रेनें भी शुरू हो चुकी हैं। हापुड़ रेलवे स्टेशन पर इनमें से नौ जोड़ी ट्रेनों का ठहराव हो रहा है।
इनमें से चार जोड़ी त्योहार स्पेशल ट्रेन मसूरी एक्सप्रेस, प्रयागराज-उधमपुर एक्सप्रेस, दिल्ली-छपरा, आला हजरत एक्सप्रेस का ठहराव हो रहा है। जिससे त्योहारों पर दीपावली, छठ पूजा पर यात्रियों की बेहतर सुविधा मिल सकें। हालांकि लखनऊ की ओर जाने वाली ट्रेनों अभी से ही वेटिंग आनी शुरू हो गई हैं।
दिल्ली-छपरा एक्सप्रेस में नवंबर माह में 50 से 104 तक वेटिंग है। वहीं 10-14 नवंबर के बीच गुवाहटी एक्सप्रेस में 150-200 तक वेटिंग, लखनऊ मेल में 88 से 231 तक वेटिंग, शहीद एक्सप्रेस में 147 से 338 तक वेटिंग, सत्याग्रह एक्सप्रेस में 242 से लेकर 357 तक वेटिंग है। जबकि मंसूरी एक्सप्रेस, उधमपुर-प्रयागराज, आला हजरत एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें दिवाली के आसपास अभी तक रिजर्वेशन होने के इंतजार में हैं।
सीएमआइ आनंद पाल सिंह ने बताया कि त्योहार स्पेशल ट्रेनों में से चार ट्रेनों का ठहराव हापुड़ रेलवे स्टेशन पर है। लखनऊ की ओर जाने वाली ट्रेने दिवाली व छठ पर्व पर पूरी तरह से फुल हैं। ट्रेन में यात्रा करने के लिए कोविड-19 की दिशानिर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। संवाद