जोगीपुरा में गोकशी के बाद जंगल में कांबिंग करती पुलिस
- फोटो : HAPUR
कथित गोकशी कर रहे लोगों को ग्रामीणों ने दौड़ाया, एक को पकड़ा
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के गांव जोगीपुरा के जंगल में ईख के खेत में रविवार देर रात कथित गोकशी कर रहे कुछ लोगों को ग्रामीणों ने दौड़ा लिया। ग्रामीणों ने एक आरोपी को दबोचकर उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाकी आरोपियों की तलाश में जंगल में कांबिंग की, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे। पुलिस ने अवशेेषों को दफनाते हुए ग्रामीणों को कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया।
गांव जोगीपुरा निवासी कुछ ग्रामीण रविवार देर रात खेतों में सिंचाई के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक ईख के खेत में कुछ आवाज सुनाई दी। ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो खेत में कुछ लोग कथित गोकशी कर रहे थे। ग्रामीणों ने शोर मचा दिया। मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। ग्रामीणों को देखकर आरोपी जंगल में भाग निकले, लेकिन ग्रामीणों ने एक आरोपी को दबोच लिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार सक्सेना व चौकी साइलो प्रथम प्रभारी विनीत मालिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने पकड़े गए आरोपी को हिरासत में ले लिया। पकड़ा गया आरोपी गांव जोगीपुर निवासी ही बताया जा रहा है। पुलिस उसके बाकी साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस ने ग्रामीणों को कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कथित गोवंश के अवशेष को जमीन में दफना दिया। देर रात तक पुलिस जंगल में कांबिंग कर रही थी।
कोट
पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने बताया कि एक कथित गोवंश के अवशेष मिले हैं। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।