आज रात हापुड़ स्टेशन पहुंचेगी परीक्षा स्पेशल ट्रेन
हापुड़। चार अक्टूबर को आयोजित होने वाली यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा देने जाने वाले परीक्षार्थियों के लिए स्पेशल ट्रेन शनिवार रात को हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। यह ट्रेन बरेली से चलकर हापुड़, पिलखुवा होते हुए गाजियाबाद तक संचालित होगी।
हापुड़ रेलवे स्टेशन के मुख्य वाणिज्य अधिकारी आनंद पाल ने बताया कि यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा देने जाने के लिए परीक्षार्थियों के लिए रेलवे ने बरेली से गाजियाबाद तक के लिए ट्रेन का संचालन कराने का निर्णय लिया है। स्पेशल ट्रेन तीन अक्तूबर की रात को बरेली से 11 बजे चलेगी। हापुड़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रात को 2.35 बजे और पिलखुवा स्टेशन पर 2.50 बजे पहुंचेगी। दोनों स्टेशन ही ट्रेन का दो मिनट का ठहराव होगा।
उन्होंने बताया कि अगले दिन चार अक्तूबर को स्पेशल ट्रेन गाजियाबाद से रविवार शाम को सात बजे चलेगी। ट्रेन पिलखुवा स्टेशन पर 7.31 बजे और हापुड़ स्टेशन पर 7.47 बजे पहुंचेगी। स्पेशल ट्रेन में यात्रा करने के लिए परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र दिखाकर ही टिकट मिल सकेगा। सभी यात्रियों को कोरोना वायरस को लेकर रेलवे के दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।