मशाल जुलूस निकालते बिजली कर्मचारी।
- फोटो : HAPUR
निजीकरण के विरोध में निकाला मशाल जुलूस
हापुड़। बिजली के निजीकरण के विरोध में सोमवार को कर्मियों का आक्रोश फूट पड़ा। एसई कार्यालय पर धरना प्रदर्शन के बाद शहर में मशाल जुलूस निकाला गया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को देकर आगामी आंदोलन की रणनीति बनाई। आज बाइक रैली निकाली जाएगी।
एसई कार्यालय पर धरने को संबोधित करते हुए विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के जिलाध्यक्ष राकेश भास्कर ने कहा बिजली के निजीकरण से उपभोक्ताओं का शोषण बढ़ेगा। सरकार यह फैसला कर्मचारी हित में नहीं कर रही है। इस मामले में सरकार को पुन: विचार करने की आवश्यकता है। इसके विरोध में एसई कार्यालय पर धरना प्रदर्शन कर कर्मियों ने नारेबाजी की। इसके बाद वहां से मशाल जुलूस शुरू हुआ जो आवास विकास पुल से होते हुए रेलवे पार्क, फ्रीगंज रोड, रेलवे रोड, अतरपुरा चौराहा, गढ़ रोड होते हुए तहसील पर पहुंचा। इस दौरान नारेबाजी करते कार्यकर्ताओं ने निजीकरण को बर्दाश्त नहीं करने की बात कही। इस संबंध में ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा गया। मशाल जुलूस में जिला संयोजक राम भारद्वाज, जिलाध्यक्ष राकेश भास्कर, अफरोज, अरूण कुमार रस्तोगी, ईश्वर प्रसाद, संजय मौर्य, मनोज कर्दम, यामीन खान, दीप चंद आदि मौजूद रहे।