दुकान में लगी आग से मची अफरातफरी
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला न्यू शिवपुरी में बैग बनाने के सामान की दुकान में रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से काफी नुकसान हो गया।
मोहल्ला न्यू शिवपुरी निवासी प्रमोद कुमार चिटकारा ने बताया कि मोहल्ले में ही उनकी बैग बनाने के सामान की दुकान है। रविवार रात के समय अज्ञात कारणों से दुकान में आग लग गई। आग से आसपास अफरातफरी मच गई।
आग लगने की जानकारी पर पुलिस टीम व दमकल विभाग की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गई। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा ने बताया कि आग लगने की जानकारी मिली थी। प्रथम दृष्टया मामला शार्ट सर्किट से आग लगने का प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है।