अब ऑनलाइन देख सकेंगे कोरोना की रिपोर्ट
हापुड़। कोरोना की जांच के बाद अब रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए लोगों को विभाग के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। बल्कि विभाग द्वारा तैयार की गई वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन ही रिपोर्ट प्राप्त की जा सकेगी। इसके लिए लिंक भी जारी कर दिया गया है।
जिले में कोरोना का प्रकोप तेजी से फैलता जा रहा है। ऐसे में जांच करने वालों का दायरा भी बढ़ गया है। अभी तक कोरोना जांच की रिपोर्ट लेने के लिए लोगों को विभाग के चक्कर लगाने पड़ते थे। ऐसे में वहां भीड़ होने के कारण उन्हें परेशान होना पड़ता था।
लेकिन अब ऐसा नहीं है, रिपोर्ट प्राप्त करने की व्यवस्था को सुरक्षित व व्यवस्थित बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा वेबसाइट लंॉंच कर दी गई है। इसका लिंक भी जारी कर दिया गया है। कोरोना की जांच कराने वाले लोग लिंक पर जाकर अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर दर्ज करेंगे। इसके बाद एक ओटीपी प्राप्त होगा, इस ओटीपी को लिंक में दर्ज कर रिपोर्ट को प्राप्त कर प्रिंट और डाउनलोड कर सकते हैं।
डिप्टी सीएमओ डा.प्रवीण शर्मा ने बताया ऑनलाइन रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए लिंक जारी कर दिया गया है। अब जांच कराने वाले लोग अपने घर बैठे ही जांच रिपोर्ट प्राप्त कर सकेंगे।