हापुड़ की हवा फिर होने लगी प्रदूषित, एक्यूआई 100 पहुंचा
हापुड़। लॉकडाउन में एकदम शुद्ध होने वाली हापुड़ की हवा अब प्रदूषित होने लगी है। रविवार को एक्यूआई 100 के पार निकल गया। जबकि पिछले सप्ताह में एक्यूआई लगभग 60-90 के बीच में चल रहा था।
मार्च माह में लॉकडाउन लगने पर सभी गतिविधियों पर अंकुश लग गया था। इसके चलते वायु की गुणवत्ता भी प्रभावित हुई थी। हापुड़ की वायु गुणवत्ता 30 के आसपास पहुंच गई थी। उसके बाद लॉकडाउन में सशर्त छूट मिलने पर एक्यूआई भी प्रभावित हुआ। उसके बाद एक्यूआई 50 पहुंच गया था। हालांकि बारिश होने पर फिर से एक्यूआई 30 तक पहुंच गया था।
रविवार को हापुड़ का वायु गुणवत्ता सूचकांक 109 तक पहुंच गया, लेकिन अब लॉकडाउन समाप्त होने पर बाजार खुलने लगे हैं। अब व्यवसायिक गतिविधियों को भी बल मिल रहा है। इसका प्रभाव हापुड़ में वायु की गुणवत्ता को गिराने लगा है। जिसके चलते हवा फिर से प्रदूषित होने लगी है। चिकित्सकों की मानें तो वायु गुणवत्ता का खराब होना सबसे पहले बुजुर्ग और दमा के रोगियों के लिए नुकसान दायक होता है।
प्रदूषण विभाग के स्टेशन इंचार्ज सलमान राणा ने बताया कि लॉकडाउन पूरी तरह से हटाए जाने पर वायु की गुणवत्ता भी असर पड़ा है। आगे भी वायु की गुणवत्ता प्रभावित रहने की आशंका है।