विकास में अव्वल गांवों में मिलेगा पुरस्कार
हापुड़। जिले में विकास कार्यों में आगे रहने वाली ग्राम पंचायतों को प्रोत्साहित करते के लिए अब पुरस्कार दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ग्राम पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत इसके लिए 25 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है। चयनित ग्राम पंचायतों की संख्या के हिसाब से इस बजट का वितरण किया जाएगा।
वर्ष 2019-20 में इस योजना में चयनित होने के लिए ग्राम पंचायतों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके बाद जिला और राज्य स्तरीय समिति के मूल्यांकन के आधार पर ग्राम पंचायतों का चयन किया जाएगा। जिले में 273 ग्राम पंचायतों में जिन गांवों में विकास की बयार बही है, वे इसमें आवेदन कर सकते हैं। हालांकि ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधानों के कार्यकाल का यह अंतिम साल है। ऐसे में अब वर्तमान प्रधानों द्वारा आवेदन किया जाएगा और जब तक पुरस्कार के लिए निर्णय होगा, चुनाव हो चुके होंगे। ऐसे में इस पुरस्कार के लिए प्रधानों का रुझान कम हो सकता है। लेकिन जिला पंचायत राज विभाग चाहता है कि जिले से इसके लिए अधिक से अधिक आवेदन हों और ग्राम पंचायतें दूसरों के लिए मिसाल कायम कर सकें।
जिला पंचायत राज अधिकारी यावर अब्बास ने बताया कि हमारी पंचायत पोर्टल पर 15 सितंबर से आवेदन करना होगा। इस पोर्टल पर आने वाले आवेदनों का जनपद परफॉरमेंस एसिसमेंट समिति निर्धारित मानकों के अनुसार 25 अक्टूबर तक मूल्यांकन करेगी। जिला स्तर पर संस्तुति के बाद राज्य को आवेदन भेजा जाएगा। मूल्यांकन में 100 अंक निर्धारित होंगे। जनपदीय समिति पंचायतों की मेरिट तैयार होगी। पुरुस्कृत होने वाली पंचायतों को कम से कम 45 फीसदी अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
इन बिंदुओं पर होगा चयन
- डीपीआरओ ने बताया कि शिक्षा, स्वच्छता प्रबंधन, पर्यावरण सुरक्षा, बेहतर सुशासन, सामाजिक सौहार्द, विकास, एवं ग्राम पंचायत विकास योजना आदि बिंदुओं पर मूल्यांकन किया जाएगा। समिति में जिलाधिकारी अध्यक्ष, मुख्य विकास अधिकारी उपाध्यक्ष, जिला पंचायत राज अधिकारी सदस्य, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, अर्थ एवं संख्या अधिकारी और अपर मुख्य अधिकारी भी सदस्य होंगे।