लूट की वारदात अंजाम देने वाले पांच आरोपियों को दबोचा
हापुड़। कोतवाली पुलिस को लूट व चोरी को अंजाम देने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से चोरी की बाइक, तमंचे और चोरी के उपकरण बरामद किए हैं।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार सक्सेना ने बताया कि बुधवार रात अतरपुरा चौकी प्रभारी यशपाल गौतम व संजय कुमार टीम के साथ रेलवे रोड के आसपास चेकिंग कर रहे थे। तभी रेलवे रोड मालखाने की ओर से बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते हुए दिखाई दिए। युवकों द्वारा भागने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। पूछताछ में इन्होंने अपने नाम नवाब पुत्र अख्तर निवासी मोती कॉलोनी और ताहिर पुत्र इलियास निवासी गांव सलाई बताए। इनके पास से किठौर से चोरी की गई बाइक और दो तमंचे बरामद हुए।
इसके अलावा बृहस्पतिवार तड़के केशवनगर चौकी प्रभारी अजीत सिंह व विनीत कुमार को सूचना मिली कि दुकान व घरों में चोरी व लूट आदि की घटनाओं को अंजाम देने वाले कुछ युवक रेलवे के खंडहर में मौजूद हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीन युवकों हिमांशु पुत्र जितेंद्र जाटव, नितिन पुत्र रुतेश निवासी चमरी व हरि पुत्र जितेंद्र निवासी ग्राम टियाला को दबोच लिया। जबकि चमरी निवासी बादल पुत्र जयप्रकाश फरार होने में कामयाब हो गया। इनके पास से दो तमंचे और चोरी के उपकरण बरामद हुए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।