बाल विवाह रोकने को प्रत्येक थाने पर तैनात होंगे पुलिस प्रभारी
हापुड़। बाल विवाह रोकने के लिए जल्दी ही जिले के प्रत्येक थाने में पुलिस बाल कल्याण अधिकारी को बाल विवाह का प्रभारी नियुक्त किया जाएगा। यह निर्णय विकास भवन में आयोजित जिला बाल संरक्षण समिति की बैठक में लिया। सीडीओ ने अधिकारियों को इस संबंध में गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।
विकास भवन में जिला संरक्षण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी उदय कुमार सिंह ने बताया कि जिले में बाल विवाह की रोकथाम के लिए प्रत्येक थाने पर पुलिस बाल कल्याण अधिकारी को बाल विवाह का प्रभारी नियुक्त किया जाए। जिसके द्वारा बाल विवाह प्रकरणों में तत्काल कार्यवाही की जाए। बाल विवाह के प्रकरणों में कानूनी कार्यवाही/सजा/जुर्माने के संबंध में लोगों को जागरूक किया जाए। स्पॉन्सरशिप फोस्टर केयर योजना के अंतर्गत ब्लॉक स्तर पर गठित समिति द्वारा योजना के प्रचार-प्रसार किया जाए। साथ ही इस योजना के लिए आवेदन प्राप्त किए जाए। बैठक का संचालन जिला प्रबोशन अधिकारी अरविंद द्विवेदी ने किया। बैठक में संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।