मंडी शुल्क समाप्त करने के लिए व्यापारियों ने किया प्रदर्शन
हापुड़। मंडी व विकास शुल्क समाप्त करने की मांग को लेकर गुड़ गल्ला मंडी व्यापारियों ने प्रदर्शन करते हुए हंगामा किया। व्यापारियों व आढ़तियों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ व अपनी मांगों को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री के नाम मंडी निरीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
गुड़ गल्ला मंडी हापुड़ के प्रधान जगदीश कुमार के नेतृत्व में आढ़ती व व्यापारी सोमवार को मंडी समिति कार्यालय पर एकत्र हुए। जिसके बाद वे मंडी समिति सचिव के कार्यालय पर पहुंचे। इस दौरान व्यापारी राजीव दतियाना वालों ने बताया कि भारत सरकार द्वारा देश में (मंडी परिसर को छोड़कर) मंडी शुल्क/विकास शुल्क से मुक्त घोषित किया गया है। जबकि वर्तमान में उत्तर प्रदेश मंडी परिषद द्वारा मंडी परिसर में ढाई प्रतिशत की दर से मंडी शुल्क व 50 पैसे प्रतिशत की दर से विकास शुल्क वसूला जा रहा है। जबकि उत्तर प्रदेश में अन्य प्रदेशों महाराष्ट्र एवं मध्य प्रदेश में 50 पैसे प्रतिशत एवं कर्नाटक में 35 पैसे प्रतिशत की दर से मंडी शुल्क लागू किया गया है।
ज्ञापन में व्यापारियों ने मांग की कि प्रदेश में अन्य प्रदेशों की तरह मंडी शुल्क लागू कराया जाए। जिससे मंडी शुल्क भी बढ़ेगा एवं किसानों का भी भला होगा एवं माफियाओं पर लगाम लगेगी। वर्तमान समय में फसल की कटाई शुरू होने वाली है। इसलिए मंडी शुल्क हटाने का फैसला जल्द से जल्द लागू किया जाए। व्यापारियों ने अपनी मांगों को लेकर सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। सभी ने मुख्यमंत्री के नाम मंडी निरीक्षक वीर सिंह को ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर अध्यक्ष संजीव कुमार, शिवचरनदास, मोहन लाल, शोभित, हरिद्वारी लाल, बालकिशन, मनोज कुमार, हर प्रसाद, अशोक कुमार, विनोद कुमार, मिशन स्वरूप, मंगत राम, सतेंद्र कुमार, राम अवतार, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।