कोतवाली के बाहर लॉक डाउन के दिन लगा जाम।
- फोटो : HAPUR
साप्ताहिक बंदी का नहीं हुआ पालन, खुलीं दुकानें
हापुड़। कोरोना काल में शासन द्वारा सप्ताह में दो दिन साप्ताहिक बंदी के आदेशों की जिले में जमकर उल्लंघन हुआ। सड़कों पर आम दिनों की तरह फर्राटा भरते वाहन गुजरते रहे। वहीं पुलिस मूकदर्शक बनी रही। इस दौरान कई बार जाम की स्थिति बन गई। शहर में मोहल्लों के अंदर बाजार भी खोले गए।
जिले में कोरोना का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है, रोजाना नए मरीज सामने आ रहे हैं। प्रदेश में संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए शासन ने दो दिन शनिवार और रविवार को साप्ताहिक बंदी के आदेश दिए हैं। शुरूआती दिनों में तो पुलिस सतर्क दिखी, सड़कों पर वाहन दौड़ाने वालों पर कार्रवाई भी की गई, लेकिन इस बार शासन के आदेशों की खुली धज्जियां उड़ती दिखी। आलम यह रहा कि दिनभर सड़कों पर वाहन फर्राटा भरते रहे। मुख्य तिराहा, चौराहों पर जाम की स्थिति भी बनती रही। पुलिस बल मुस्तैद जरूर रहा, लेकिन इन वाहनों की रोक टोक करना उन्होंने मुनासिब नहीं समझा।
इतना ही नहीं शहर के अंदर विभिन्न मोहल्लों में बनी दुकान व छोटे बाजार भी खुले नजर आए। लोग घरों से बाहर बेपरवाह घूम रहे थे। उन्हें न तो शासन के आदेशों की परवाह थी और न ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन का किसी तरह का प्रभाव। ऐसे में कोरोना संक्रमण को रोक पाना किस तरह संभव होगा, यह खुद ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
कोट
एसडीओ सत्यप्रकाश ने बताया कि साप्ताहिक बंदी का सख्ती से पालन कराया जाएगा। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। लोग दो दिन घरों में ही रहें ताकि कोरोना के संक्रमण से उनका बचाव हो सके।