सीसीएसयू : कल से शुरू होंगी मुख्य परीक्षाएं
हापुड़। सीसीएसयू के फाइनल ईयर की मुख्य परीक्षाएं एक सितंबर से शुरू होंगी। परीक्षाएं दिल्ली रोड स्थित एसएसवी पीजी कॉलेज में तीन पालियों में संपन्न कराई जाएंगी। एसएसवी कॉलेज को सात महाविद्यालयों का परीक्षा केंद्र बनाया गया है। कोरोना महामारी की गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए ही परीक्षाएं संपन्न कराई जाएगी। सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क अनिवार्य किया गया है।
कोरोना महामारी के चलते स्कूल और कॉलेज अप्रैल महीने से बंद चल रहे हैं। ऐसे में सीसीएसयू की मुख्य परीक्षाएं भी लंबित हो गई। छात्रों के भविष्य को देखते हुए फाइनल ईयर की परीक्षाएं कराए जाने का निर्णय लिया जा चुका है। वहीं सेमेस्टर वाली परीक्षाएं भी 4 सितंबर से चालू हो जाएंगी। एसएसवी पीजी कॉलेज को सात कॉलेजों का परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इसमें महाराजा अग्रसेन, आईएमआईआरटी, सरस्वती इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग, ईस्ट वेस्ट एजुकेशन, एसएसवी पीजी, दयावती कॉलेज ऑफ लॉ, इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट इनफार्मेशन आदि कॉलेज शामिल हैं।
एक सितंबर से तीन पालियों में परीक्षाएं शुरू होंगी। इनमें करीब एक हजार अभ्यर्थी उपस्थित रहेंगे। परीक्षा संपन्न कराने के लिए कोरोना से बचाव की गाइडलाइन का पालन करना होगा। मास्क लगा होने पर ही कॉलेज में प्रवेश मिलेगा, साथ ही परीक्षा केंद्रों में भी सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखा गया है। सुरक्षा की दृष्टि से परीक्षा कक्षों को सैनिटाइज करा दिया गया है।
कोट
प्राचार्य डा. पंकज पाठक ने कहा कि परीक्षा शांतिपूर्वक व नकलविहीन संपन्न करायी जाएगी। कोरोना से बचाव की गाइडलाइन का हर हाल में पालन कराया जाएगा।