पीएनबी के पांच कर्मचारियों समेत 23 कोरोना पॉजिटिव
हापुड़। गढ़ रोड स्थित पीएनबी बैंक के पांच कर्मचारियों समेत 23 मरीजों में शनिवार को कोरोना की पुष्टि की गई। बैंक को दो दिन के लिए सील करा दिया गया है। अब मंगलवार को बैंक खुलेगा। वहीं, जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर अब 1696 पहुंच गई है। पांच मरीज स्वस्थ होकर घर को लौट गए।
जिले में कोरोना का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। शनिवार को जांच में पीएनबी बैंक की मुख्य शाखा में कार्यरत पांच कर्मचारी पॉजिटिव मिले। इससे कर्मियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में बैंक को सैनिटाइज कराया गया है। साथ ही सोमवार तक बैंक को बंद रखने का निर्णय लिया गया। अब मंगलवार को बैंक खुलेगा।
इसके अलावा जिले में शनिवार को 24 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसमें पिलखुवा क्षेत्र के सिखैड़ा से एक, बुर्ज मोहल्ला से एक, जसरूपनगर से एक, नई मंडी से एक, नंदपुर से दो, खैरपुर से तीन, कस्तला कासमाबाद से एक, न्यू शिवपुरी से दो, चित्तौड़ा से एक, शक्तिनगर के तीन, लज्जापुरी के दो, अच्छेजा के एक, सिद्धार्थनगर के एक, नई आबादी के एक, शिवलोक कॉलोनी के एक, शिवपुरी के एक, गणेशपुरा से एक मरीज में कोरोना की पुष्टि की गई है।
जिले में अब कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1696 पहुंच गई है। शनिवार को 5 मरीज स्वस्थ होकर अपने घरों को लौट गए। इसके बाद अब स्वस्थ होने वालों की संख्या 1494 पहुंच गई है। जबकि एक्टिव मरीजों की संख्या 174 है। अब तक 29 मरीजों की कोरोना के चलते मौत हो चुकी है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. रेखा शर्मा ने बताया कि अब तक 85,918 लोगों की जांच की जा चुकी है। संक्रमितों को आईसोलेशन वार्डों में भर्ती करा दिया गया है।