सीएचसी में दो कोरोना मरीज मिलने से हड़कंप
हापुड़। गढ़ रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दो स्वास्थ्य कर्मियों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद से अस्पताल को मंगलवार तक के लिए बंद कर दिया गया है। अब कोठीगेट स्थित पीपीसी में आपातकाल सेवाओं से जुड़े उपचार होंगे। सीएचसी को सैनिटाइज करा दिया गया है।
हापुड़ सीएचसी इन दिनों जिला अस्पताल के रूप में संचालित है। सोमवार को यहां कार्य करने वाले दो कर्मचारियों में कोरोना की पुष्टि हो गई। जिसके बाद से अस्पताल को सील कर दिया गया है और सैनिटाइजेशन का कार्य जारी है।
मंगलवार तक सीएचसी को बंद रखा जाएगा। ऐसे में मरीजों को उपचार के लिए परेशानी हो सकती है। हालांकि आपातकाल सेवाओं के लिए कोठीगेट अस्पताल पर सीएचसी को शिफ्ट कर दिया गया है। उधर, लगातार कर्मचारियों के पॉजिटिव निकलने से अधिकारियों व चिकित्सकों में हड़कंप मच गया है।
सीएचसी अधीक्षक डा.दिनेश खत्री ने बताया कि सीएचसी में कार्य कर रहे दो स्टाफ जांच में पॉजिटिव मिले हैं। जिसके चलते सीएचसी मंगलवार तक बंद रखी जाएगी। बुधवार को पहले ही तरह चिकित्सा सुविधाएं दी जाएंगी।