रास्ते में जलभराव पर भड़के लोगों ने किया प्रदर्शन
हापुड़। दस्तोई सरावा मार्ग के जर्जर होने के कारण रास्ते में हुए जलभराव से लोगों का निकलना दूभर हो रहा है। अधिकारियों से शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान न होने पर सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि दस्तोई सरावा मार्ग पिछले एक वर्ष से रास्ते के स्थिति बहुत खराब है और नालियां भी टूटी पड़ी है, जिस कारण पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण नालियों का गंदा पानी भी रास्ते में भर रहा है।
उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में जलभराव अधिक होने के कारण ग्रामीणों का रास्ते से निकलना मुश्किल हो रहा है। कई बार लोग रास्ते में गिरकर घायल भी हो चुके है। साथ ही जलभराव के कारण बीमारियों के पनपे का खतरा ग्रामीणों में बना रहता है। इस संबंध में वह पहले भी अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान अभी तक नहीं हुआ है। जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द अधिकारियों ग्रामीणों की समस्या का समाधान कर उन्हें राहत नहीं दिलाते हैं तो वह आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
प्रदर्शन करने वालों में लोकेंद्र सिंह, प्रदीप कुमार, मुकेश सिंह, करतार सिंह, अरविंद चौधरी, धीरज, नवनीत सिंह, भूपेंद्र मलिक आदि मौजूद रहे।