नाले में घुसा एंबुलेंस का पहिया, दो घंटे तड़पा मरीज
हापुड़। गढ़ रोड स्थित निर्माणाधीन नाले में बृहस्पतिवार को एक एंबुलेंस का पहिया घुस गया। इस दौरान वहां मौजूद कर्मियों में हड़कंप मच गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद एंबुलेंस को वहां से बाहर निकाला जा सका। ऐसे में मरीज काफी देर तक तड़पता रहा। लोगों का आरोप है कि पिछले एक माह से नाला खुदा पड़ा है। शिकायत के बाद भी अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार गांव भटियाना निवासी एक मरीज को स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस गढ़ रोड सीएचसी से उसके घर छोड़ने के लिए निकली थी, लेकिन अस्पताल के बाहर खुदा पड़ा नाला बड़ी घटना का कारण बन गया। यह नाला बीते एक महीने से खुदा पड़ा है। किसी तरह एंबुलेंस का यहां आवागमन कराया जा रहा था। लेकिन बृहस्पतिवार को बड़ी अनहोनी होने से बच गई। मरीज को लेकर निकली एंबुलेंस का पहिया नाले में गिर गया। गनीतम रही की गाड़ी पलटी नहीं, करीब दो घंटे तक मरीज एंबुलेंस में ही तड़पता रहा। कड़ी मशक्कत के बाद एंबुलेंस को वहां से बाहर निकाला गया। लोगों ने बताया कि कई वाहन सवार भी अब तक इस नाले में गिरकर घायल हो चुके हैं। लेकिन संबंधित अधिकारियों को इसकी परवाह नहीं है।
कोट
एसडीएम सत्यप्रकाश का कहना है कि इस तरह की अनदेखी बर्दाश्त नहीं होगी। वह संबंधित विभाग को निर्देशित करेंगे।