जिले में कोरोना से 19वीं मौत , पांच मरीज मिले
हापुड़। जिले में कोरोना से मंगलवार को 19वीं मौत ने हड़कंप मचा दिया है। मेरठ मेडिकल में उपचार के दौरान यह मौत हुई है। इसके अलावा पांच नए मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है, जबकि 18 मरीज स्वस्थ होकर अपने घरों को लौट गए। जिले में अब संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1154 पहुंच गई है।
जिले में कोरोना का कहर दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। कोरोना के चलते मौत का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ रहा है। नगर के चंद्रलोक कॉलोनी निवासी एक और कोरोना पॉजिटिव मरीज की मंगलवार को मौत हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक मरीज में 18 जुलाई को कोरोना की पुष्टि हुई थी। जिसके बाद मरीज को मेरठ मेडिकल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। मरीज को उपचार के बाद भी हालत गंभीर होती गई। गंभीर हालत के चलते मंगलवार को मरीज ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जिसके बाद जनपद में मौत का आंकड़ा बढ़कर 19 पहुंच गया है।
अधिकारियों के अनुसार जनपद में मिले छह मरीजों में एक मरीज सिखैड़ा स्थित फैक्ट्री, एक मरीज गांव दरियापुर, एक मरीज सुभाष विहार, एक मरीज पिलखुवा के मोहल्ला छिद्दापुरी, एक मरीज खेड़ा, एक मरीज गांधी कॉलोनी निवासी हैं। सभी मरीजों को उपचार के लिए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है। इनके संपर्क में आने वाले व्यक्तियों की तलाश की जा रही है। संपर्क में आने वाले व्यक्तियों के भी सैंपल लेकर उनकी जांच की जाएगी।
वहीं 18 और मरीजों की तीसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। जिसके बाद चिकित्सकों ने सभी को स्वस्थ घोषित कर होम क्वारंटाइन करा दिया है। चिकित्सक फिलहाल सभी के स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाकर रखेंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रेखा शर्मा ने बताया कि मोहल्ला चंद्रलोक कॉलोनी निवासी एक और व्यक्ति की मेरठ मेडिकल में उपचार के दौरान हो गई है। छह और मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। 18 और मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो गए हैं। जनपद में अभी तक 1154 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 998 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। 137 मरीजों का अस्पतालों में उपचार कराया जा रहा है। जबकि जनपद में मौत का आंकड़ा बढ़कर अब 19 हो गया है।