छेड़छाड़ और हत्या की धमकी देने वालों को दबोचा
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने व उसे हत्या की धमकी देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार सक्सेना ने बताया कि नगर के एक मोहल्ला निवासी बीकॉम की छात्रा 12 जुलाई की दोपहर को अपने मित्र के घर जा रही थी। रास्ते में मोती कॉलोनी निवासी पिची, कासिम व इमरान ने उसके साथ छेड़छाड़ कर दी। आरोपी अश्लील टिप्पणी करते हुए मोबाइल से छात्रा की वीडियो बनाने लगे। विरोध करने पर इन लोगों ने छात्रा को हत्या की धमकी दी थी। सोमवार दोपहर एक बार फिर आरोपियों ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर कोतवाली में उक्त तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने सोमवार देर रात दबिश देकर तीनों को उनके घर से दबोच लिया।