ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा
हापुड़। बाबूगढ़ में चार दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मृत विवाहिता के परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को जहर दे दिया गया।
थाना बाबूगढ़ के कस्बा क्षेत्र निवासी दीपक की शादी चार वर्ष पहले जनपद बुलंदशहर के थाना गुलावठी क्षेत्र के गांव सैदपुर खुर्रमपुर निवासी राजेंद्र की पुत्री पायल के साथ हुई थी। परिजनाें ने बताया कि कुछ दिन पहले पायल की तबीयत खराब होने पर मायके पक्ष के लोग उसे अपने साथ ले गए, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग पायल को वापस ससुराल ले आए। 23 जुलाई की रात में संदिग्ध परिस्थिति में पायल की मौत हो गई। सूचना पर मायके पक्ष के लोग बाबूगढ़ पहुंचे। मायके पक्ष के लोगों ने मृतका के मुंह से झाग निकलते हुए देखकर ससुराल पक्ष के लोगों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। थाना बाबूगढ़ प्रभारी राहुल चौधरी ने बताया कि मृतका के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर ससुराल पक्ष के दीपक, रोहताश, सुनीता, अमित और मोना के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।