लॉकडाउन में खुली मिली मसाले की फैक्टरी, कार्रवाई
हापुड़। रविवार को लॉकडाउन के बावजूद फ्रीगंज रोड पर मसाले की एक फैक्टरी खुली थी। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए यहां से मसालों के तीन नमूने लेते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा शहर में लॉकडाउन की मिली जुली स्थिति रही। कहीं दुकानें खुली रही तो कहीं सन्नाटा पसरा रहा। मुख्य मार्गों पर पुलिस सख्ती करती नजर आयी।
शासन के स्पष्ट आदेश हैं कि सप्ताह के अंतिम दो दिन संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा। लेकिन इसके बावजूद लोग नियम मानने को तैयार नहीं हैं। कुछ दुकानें और फैक्टरियां अभी भी नियमों का उल्लंघन कर रही हैं। रविवार को एसडीएम सत्यप्रकाश को किसी ने सूचना दी कि फ्रीगंज रोड स्थित एक मसालों की फैक्टरी खुली हुई है। सूचना पर एसडीएम और डीओ ने छापा मारा। यहां फैक्टरी खुली मिली। फैक्टरी में मसाले बनाए जा रहे थे। टीम द्वारा छापामार कार्रवाई के बाद आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए यहां से हल्दी, मिर्च और मसाले के एक एक नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।
एसडीएम सत्यप्रकाश का कहना है कि नियमों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दास्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले मसाले की फैक्टरी संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं।
---
सड़कों पर दिखा लॉकडाउन का मिला जुला असर -
उधर, सड़कों पर लॉकडाउन का मिला जुला असर देखने को मिला। मुख्य मार्गों पर सख्ती दिखाई जरूरी दी, लेकिन अंदरूनी क्षेत्रों में किसी प्रकार की रोकटोक नहीं थी। शहर के भीतरी क्षेत्रों में बाजार में दुकानें खुली रही। यहां पुलिस भी मुस्तैद दिखाई नहीं दी। लोग सामान्य रूप से इधर उधर टहलते हुए नजर आए। इस दौरान बुलंदशहर रोड के आसपास के मोहल्लों की मीट की दुकानें खुली रही।
कुचेसर चौपला पर नहीं हो रहा कंटेनमेंट जोन का पालन -
- शहर के मुख्य स्थानों के अलावा छोटे कस्बों में भी नियमों का पालन नहीं हो रहा है। कुचेसर रोड चौपले पर कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद यहां के कुछ क्षेत्रों को सील कर दिया गया था। लेकिन पुलिस की अनदेखी और लापरवाही के कारण अधिकतर बल्लियों को हटा दिया गया है और लोग बेखौफ घूम फिर रहे हैं। यहां तक कि वाहनों की आवाजाही भी हो रही है।