फैक्टरी के 40 मजदूरों समेत 50 कोरोना मरीज मिले, एक की मौत
हापुड़। सिंभावली क्षेत्र के गांव सिखैड़ा स्थित एक फैक्टरी में काम करने वाले 40 मजदूरों में कोरोना का संक्रमण मिलने से हड़कंप मच गया। इनके साथ ही शनिवार को जिले में कुल 50 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई। वहीं हापुड़ के इंद्रगढ़ी निवासी एक व्यक्ति की मेरठ के अस्पताल में मौत हो गई। आनन फानन में प्रशासन ने फैक्टरी को सील कर मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सिखैड़ा स्थित फैक्टरी में सात दिन पहले अलग अलग राज्यों से करीब 40 मजदूर काम करने पहुंचे थे। विभाग की टीम ने एंटीजन किट से इन सभी मरीजों की जांच की। जांच में सभी कर्मचारी कोरोना पॉजीटिव मिले हैं। एक साथ फैक्टरी में काम करने वाले समस्त कर्मियों में संक्रमण मिलने से हड़कंप मच गया। आनन फानन में जिला प्रशासन द्वारा इस फैक्टरी को सील करा दिया गया है। इसके अलावा सिखैड़ा गांव में भी दो मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसके चलते गांव को भी सील करा दिया गया है।
वहीं जनपद में 10 अन्य मरीज भी मिले, जिनमें गालंद के दो, भुढिया से एक, अतरपुरा के तीन, पन्नापुरी से एक, पंचवटी आवास विकास कॉलोनी से एक, सिखैड़ा के दो मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई। जबकि 11 मरीज स्वस्थ हुए जिन्हें जिन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
वहीं, इंद्रगढ़ी निवासी कोरोना पीड़ित 65 वर्षीय व्यक्ति ने संक्रमण के चलते मेरठ के मेडिकल में दम तोड़ दिया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार उक्त मरीज टीबी व किडनी की बीमारी से पीड़ित था। 14 जुलाई को उन्हें पिलखुवा के सरस्वती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर 24 जुलाई को मेरठ रेफर किया गया था। जहां उनका निधन हो गया इसके साथ ही अब जिले में संक्रमण से मरने वालों की संख्या 18 हो गई है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा.रेखा शर्मा ने बताया कि जिले में शनिवार को 50 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1115 हो गई है। इनमें 936 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, सिर्फ 161 मरीज एक्टिव हैं, जिनका उपचार चल रहा है।
जिले में पांच स्थानों पर बनाए स्टेटिक बूथ
हापुड़। जिले में अब कोरोना की जांच के लिए पांच स्टेटिक बूथ बना दिए गए हैं। सिर्फ आधार कार्ड की छायाप्रति दिखाकर इन बूथों पर जांच कराई जा सकेगी। इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी।
जिले में कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सीएचसी गढ़, धौलाना, पिलखुवा, सिखैड़ा व हापुड़ ब्लॉक के लिए नगर पालिका परिसर में स्टेटिक बूथों की व्यवस्था करा दी गई हैं। यहां लोग अपने आधार कार्ड की छाया प्रति दिखाकर आसानी से कोरोना की जांच करा सकेंगे।
जांच कराने में आनाकानी कर रहे लोग
स्वास्थ्य विभाग कोरोना की जांच में तेजी लाने के लिए गली मोहल्लों में जाकर लोगों से जांच कराने की अपील कर रहा है। लेकिन लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं । ऐसे में चिकित्सकों की टीम को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस द्वारा भी लोगों से जांच की अपील की जा रही है।