कलक्टर गंज में एक परिवार के छह लोग समेत 14 कोरोना मरीज मिले
हापुड़। जिले में बुधवार को कोरोना के 14 नए मामले सामने आए। इसमें कलक्टर गंज मोहल्ले के 9 व्यक्ति भी शामिल हैं। संक्रमितों को आइसोलेशन वार्डों में भर्ती करा दिया गया है। साथ ही 10 मरीजों ने कोरोना से जंग जीत ली।
बुधवार को विभाग की टीम ने विभिन्न मोहल्लों में अभियान चलाकर संदिग्धों की एंटीजन किट से जांच की। जांच में कलक्टर गंज निवासी 9 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। इसमें एक ही परिवार के करीब 6 लोग भी शामिल हैं। इसके अलावा गांव हैदरपुर के तीन, गालंद के एक, सुकदेवपुर निवासी एक मरीज में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है।
आनन फानन में इन मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है। साथ ही इनके संपर्क में आए संदिग्धों की सैंपलिंग भी करायी गई है। इसके अलावा बुधवार को 10 मरीजों ने कोरोना से जंग जीत ली। जिन्हें घर भेज दिया गया है।
जिले में अब कुल कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 1037 पहुंच गई है, जबकि 906 मरीज स्वस्थ्य हो चुके हैं। 114 का उपचार जारी है, 17 लोगों की मौत अब तक हो चुकी है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा.रेखा शर्मा ने बताया कि संक्रमित मरीजों को आइसोलेट करा दिया गया है। संपर्क में आए लोगों की भी सैंपलिंग करायी जा रही है।