बाबूगढ़ में कोरोना से मृतक के 19 परिजनों सहित 34 में पुष्टि
हापुड़। जिले में बृहस्पतिवार को कोरोना के 34 नए मामले सामने आए। इनमें बाबूगढ़ में मृतक बुजुर्ग के संपर्क में आए 19 परिजन भी संक्रमित मिले हैं। इससे विभाग में हड़कंप मच गया है। जिले में अब कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 818 पहुंच गई है। जबकि आठ मरीज स्वस्थ होकर अपने घरों को लौट गए। संक्रमित मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है।
गौरतलब है कि बाबूगढ़ निवासी 67 वर्षीय ओमपाल सिंह वर्मा की 5 जुलाई को कोरोना संक्रमण के चलते मौत हो गई थी। इस दौरान परिजनों के भी सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए थे। बृहस्पतिवार को इन लोगों की रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिसमें 19 परिजन कोरोना संक्रमित मिले। एक ही स्थान पर इतने अधिक मरीज मिलने से हड़कंप मच गया है।
वहीं, इसके अलावा जिले में कुल बृहस्पतिवार को 34 नए मामले सामने आए। इनमें बाबूगढ़ निवासी 19, गोल मार्केट निवासी एक, सोटावाली निवासी एक, सुभाषनगर निवासी दो, शिवगढ़ी निवासी एक, अक्खापुर निवासी एक, शिवपुरी निवासी एक, अच्छेजा निवासी एक, गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के मोहल्ला दरगाह शरीफ के दो, गढ़मुक्तेश्वर के दो, पिलखुवा के तीन लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है।
वहीं, बृहस्पतिवार को आठ मरीज स्वस्थ होकर घर लौट गए। जिले में अब कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 818 पहुंच गई है। इनमें से 620 रिकवर हो चुके हैं, जबकि 180 मरीज एक्टिव हैं, 18 लोगों की अब तक जान जा चुकी है।
गोल मार्केट में बढ़ सकती है संख्या
हापुड़। गोल मार्केट निवासी कोरोना संक्रमित मरीज के देहांत के बाद उनका अंतिम संस्कार परिजनों द्वारा किया गया था। रिपोर्ट बाद में प्राप्त हुई थी। ऐसे में यहां बड़ी संख्या में लोगों की सैंपलिंग की गई। हालांकि रिपोर्ट अभी नहीं आ सकी हैं, लेकिन अंदाजा लगाया जा सकता है कि अंतिम संस्कार में काफी लोग जमा हुए थे। ऐसे में गोल मार्केट में भी बड़ी संख्या में लोग संक्रमित निकल सकते हैं।
कोट -
मुख्य चिकित्साधिकारी डा.रेखा शर्मा ने बताया कि संक्रमित मरीजों को आइसोलेशन वार्डों में भर्ती करा दिया गया है। संपर्क में आए लोगों की सैंपलिंग कराई जा रही है।