कोरोना संक्रमित मरीज का नहीं लगा सुराग
हापुड़। कोरोना से संक्रमित फरार मरीज का पांचवें दिन भी कोई सुराग नहीं मिला है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लाख कोशिशों के बाद भी खाली हाथ है। ऐसे में यह मरीज अनेक लोगों को संक्रमित कर सकता है। विभाग की टीम ने नवीकरीम मोहल्ले में स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर तलाश कर रही है। लेकिन मरीज का कोई पता नहीं चल सका है।
गौरतलब है कि बीते दिनों एक युवक ने गढ़ रोड सीएचसी पर अपना कोरोना टेस्ट कराया था। वहां उसने अपना नाम हर्षित पुत्र दिनेश कुमार पता नवीकरीम दर्ज कराया था। रिपोर्ट पर भी यही पता लिखकर गया। पांच दिन पहले इस मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। लेकिन उसने जो पता बताया था वह उस पर नहीं मिला। पांच दिन से स्वास्थ्य विभाग की टीमें मरीज की तलाश में घर-घर सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
लेकिन मरीज का कोई सुराग नहीं मिल सका है। ऐसे में डर यह है कि यह संक्रमित मरीज कहीं बड़ी संख्या में लोगों को संक्रमित न कर दें। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीज को पकड़ने की हर संभव कोशिश कर रही है। उसने अपना मोबाइल नंबर भी गलत दर्ज कराया है, जिसके चलते उसकी लोकेश निकाल पाना भी मुश्किल हो रहा है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा.रेखा शर्मा ने बताया कि संक्रमित मरीज की तलाश करायी जा रही है। ऐसे मरीज न सिर्फ अपना, बल्कि हजारों लोगों की जिंदगी को आफत में डाल रहे हैं।