सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की मौत
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के असौड़ा पुलिया के पास हापुड़ के गांव नान निवासी एक युवक की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। किसी काम से वह गांव कैली जा रहा था। सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार गांव नान निवासी राजकुमार शर्मा का 24 वर्षीय पुत्र कपिल शर्मा अपनी बाइक से गांव कैली जा रहा था। जैसे ही वह असौड़ा पुलिया पर पहुंचा तो सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी।
आस पास के लोगों ने दौड़कर बाइक सवार को उठाया तो वह लहुलूहान हो चुका था और मौके पर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कपिल की मौत की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली उनमें कोहराम मच गया।
कोतवाली प्रभारी सुबोध कुमार सक्सेना ने बताया कि ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।