दशकों से जर्जर हालत में मिनी बाईपास, वाहन चालक परेशान
हापुड़। मोदीनगर रोड से श्यामनगर तक जाने वाला मिनी बाईपास बीते एक दशक से जर्जर हालत में है। इस रास्ते से हजारों लोगों का आवागमन होता था, लेकिन अधिकारियों की अनदेखी से यह मार्ग इन दिनों गड्डों में तब्दील हो रहा है। इससे पीड़ित लोगों की शिकायत पर भाकियू भानु के कार्यकर्ताओं ने एएमए को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग उठाई।
भाकियू भानु के नगर अध्यक्ष राजवीर सिंह व कार्यकर्ता राधेलाल त्यागी ने बताया कि मोदीनगर रोड से एक मार्ग श्यामनगर तक जाता है, इससे होकर आसानी से लोग हापुड़ को पार कर दिल्ली रोड पर चढ़ सकते हैं। लेकिन बीते एक दशक से अधिकारियों की अनदेखी के कारण यह रास्ता जर्जर हालत में है।
आलम यह है कि रास्तें में बने बड़े गड्डों में गिरकर वाहन चालक घायल हो रहे हैं। रास्ते के निर्माण को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का निस्तारण तो दूर कोई अधिकारी भी यहां निरीक्षण तक नहीं करने पहुंच सके हैं। ऐसे में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में कार्यकर्ताओं ने जिला पंचायत के एएमए को ज्ञापन सौंपकर जल्द इस मार्ग के निर्माण की मांग उठाई। इस मौके पर सुधाकर त्यागी, रवि भाटी, जयकरण भाटी, विनोद त्यागी आदि मौजूद रहे।