श्यामपुर में तीन घरों से चोरों ने आठ लाख का माल उड़ाया
हापुड़। देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव श्यामपुर में सोमवार की रात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाकर जेवर नकदी सहित करीब आठ लाख रुपये का माल साफ कर दिया। तीनों परिवार को इस वारदात का पता सुबह जाग होने पर चला। चोर एक घर से लाइसेंसी बंदूक, कारतूस भी उड़ा ले गए। हालांकि ये ददायरा गांव के पास पड़ी मिली। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है। पुलिस अफसरों ने घटना स्थल का निरीक्षण का निरीक्षण किया है।
चोरी की घटना गांव के बाहरी हिस्से में रहने वाले विपिन, ओम बीर सिंह और अशोक मटर वाले के घरों में हुई है। पीड़ित परिवारों का कहना है कि उक्त घटना रात्रि 12 बजे और सुबह चार बजे के बीच हुई है। आम तौर पर सही समय गहरी नींद में सोने का होता है। चोर विपिन के घर से सेफ खंगालकर सोने की दो चैन, एक हार, एक जोड़ी कुंडल, 56 हजार रुपये की नकदी उड़ा ले गए। वहीं ओमवीर के घर से एक चैन, दो अंगूठी, एक घड़ी और डेढ़ लाख रुपये कैश सहित करीब तीन लाख रुपये का माल ले गए। इस घर में तीन भाईयों का परिवार एक साथ रहता है। तीनों भाई खेती के साथ ठेकेदारी भी करते हैं।
उधर, अशोक मटर वालों के घर से एक लाइसेंसी बंदूक, एक अंगूठी और पचास हजार रुपये नकद सहित एक लाख रुपये का माल चोरी हुआ। हालांकि यह बंदूक ददायरा गांव के पास सड़क किनारे पड़ी मिली। इस घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच की टीम भी वहां पहुंची। पुलिस संदिग्ध बदमाशों की कुंडली खंगाल रही है। गांव में इन चोरियों की सूचना आग की तरह फैल गयी। जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पर एकत्र हो गए। पीड़ित परिवारों का कहना था कि उनके भवन काफी मजबूत व सुरक्षित बने हैं। चोरों के दुस्साहस से सभी ग्रामीण दंग हैं। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार मिश्र ने बताया कि उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा थाना पुलिस व क्राइम ब्रांच को जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने के आदेश दिए हैं।