पुलिस ने 24 घंटे में किया चोरी का पर्दाफाश
हापुड़। बुलंदशहर रोड पर एक गारमेंट्स की दुकान पर शनिवार रात कूमल कर हुई चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे में ही खुलासा कर दिया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए सामान भी बरामद कर लिया है।
पुलिस आफिस पर आयोजित प्रेसवार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मोहल्ला न्यू शिवपुरी निवासी जगदीश उर्फ डिंपल खरबंदा की बुलंदशहर रोड कोठी गेट पर रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान है। रविवार की देर रात चोरों ने दीवार में कूमल कर कीमती कपड़े, एलइडी व सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर चोरी कर ली थी। वारदात का पर्दाफाश करने के लिए कोतवाली पुलिस के साथ स्वॉट टीम को भी लगाया गया था।
रविवार देर रात कोतवाली क्राइम डिटेक्शन टीम प्रभारी सरवन गौतम व उपनिरीक्षक राजीव शर्मा पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि कमेला मार्ग स्थित नगर पालिका कंपाउंड में बैठकर कुछ चोर चोरी के माल का बंटवारा कर रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए तीन संदिग्धों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने रेडिमेड गारमेंट्स की दुकान में चोरी की थी। मौके से दुकान से चोरी की गई एलईडी, चोरी किए गए कीमती कपड़े, एक चाकू व चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए। पकड़े गए आरोपी टीर्चस कॉलोनी राजीव विहार निवासी राहुल, मोहल्ला छज्जूपुरा अभिषेक उर्फ अभी व तरुण हैं।