रास्ते पर कीचड़, जलभराव से भाकियू में रोष, किया प्रदर्शन
हापुड़। गांव मोहम्मदपुर आजमपुर के पास रास्ते पर जलभराव और कीचड़ फैलने से दर्जनों गांवों के हजारों लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। इन अनदेखी के विरोध में भाकियू व ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन कर, जल्द समस्या से राहत नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
भाकियू भानु जिलाध्यक्ष पवन हूण ने बताया कि यह मार्ग एनएच-100 के रूप में जाना जाता है। दर्जनों गांवों के लोगों का आवागमन इसी मार्ग से होता है। लेकिन अधिकारियों की अनदेखी के कारण बीते काफी समय से इस रास्ते पर सीवरेज, गंदा पानी, कीचड़ फैली रहती है। कई बार फिसलन होने के कारण वाहन सवार अनियंत्रित होकर गिर जाते हैं।
आरोप है कि इस संबंध में कई बार शिकायत की जा चुकी है। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है। इसके विरोध में ग्रामीणों ने भाकियू कार्यकर्ताओं के साथ जोरदार प्रदर्शन कर, जल्द इस समस्या से राहत नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस संबंध में डीएम को भी ज्ञापन सौंपने की बात कही गई है।