फैक्टरियों में रुचि नहीं ले रहे बाहर से आए कामगार
हापुड़। कोरोना महामारी में लॉकडाउन के चलते विभिन्न प्रदेशों से हापुड़ लौटे श्रमिक हापुड़ की फैक्टरियों में काम करने में रुचि नहीं ले रहे हैं। शासन ने इन श्रमिकों की सूची औद्योगिक एसोसिएशन को सौंपी थी। कई बार फोन करने के बावजूद कामगार फैक्टरियों में नहीं आ रहे हैं। हापुड़ स्माल स्केल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की ओर से हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।
हापुड़ स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के सचिव अमन गुप्ता ने बताया कि लॉकडाउन में फैक्टरियां बंद होने से पहले ही काफी नुकसान हो चुका है। जैसे तैसे कर पुराने श्रमिकों को वेतन दे रहे थे। शासन की ओर से 380 श्रमिकों की सूची मिली थी। एसोसिएशन की ओर से लगातार इन श्रमिकों को फोन किया जा रहा है, लेकिन श्रमिक हापुड़ की फैक्टरियों में काम करने का इच्छुक नहीं है। हापुड़ स्माल स्केल की ओर से 8273983350 मोबाइल नंबर जारी किया गया है। बाहर प्रदेशों से आए कामगार इस नंबर पर फोन कर, काम पा सकते हैं।