जिले में अब मोबाइल रिपेयरिंग की दुकानें भी खुलेंगी
हापुड़। जिला प्रशासन ने जिले में मोबाइल की दुकानों को भी खोलने के निर्देश दिए गए हैं। कुछ इलेक्ट्रानिक्स और स्टेशनरी की दुकानों को भी चिन्हित किया गया है। हालांकि दुकानें हॉट स्पॉट क्षेत्रों को छोड़कर हर क्षेत्र में अलग-अलग दिन के हिसाब से खुलेंगी।
जिला प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार जिले में मोबाइल, इलेक्ट्रानिक्स और स्टेशनरी की कुछ दुकानों को सामान बिक्री के लिए चिन्हित किया गया है। जारी आदेशों के तहत हापुड़ में इलेक्ट्रानिक्स की 59, मोबाइल की 27, स्टेशनरी की 24, गढ़ में कुछ 19 व धौलाना में कुल 47 दुकानों को खोले जाने की परमीशन दी गयी है। हापुड़ में दुकानें खोले जाने के लिए दिनों की बाध्यता होगी। सोमवार व मंगलवार को गढ़ दिल्ली रोड स्थित दुकानें, बुधवार व गुरूवार को रेलवे रोड व फ्रीगंज रोड की दुकानें, शुक्रवार व शनिवार को मोदीनगर रोड, मेरठ रोड व स्वर्ग आश्रम रोड की दुकानें खुलेंगी। जबकि दूसरे क्षेत्रों में इसकी बाध्यता नहीं होगी। डीएम अदिति सिंह के अनुसार लॉकडाउन के नियमों का पालन करते हुए सुबह सात से दस बजे तक ही दुकानें खुलेंगी। जो दुकानदार सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कराएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।