नोेटिस देने गए एचपीडीए कर्मचारियों को बनाया बंधक
हापुड़। कुचेसर रोड चौपला स्थित एक निर्माणाधीन स्कूल में नोटिस थमाने गए प्राधिकरण के दो कर्मचारियों को अवैध उगाही का आरोप लगाते हुए लोगों ने बंधक बना लिया। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को लेकर थाने आ गयी। बाद में प्राधिकरण के अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
कुचेसर रोड चौपला स्थित एक स्कूल की ऊपरी मंजिल का निर्माण चल रहा था। इसी दौरान एचपीडीए के दो कर्मचारी यहां नोटिस देने के लिए गए थे। जिसके बाद भीड़ जमा हो गयी। लोगों ने अवैध उगाही का आरोप लगाते हुए कर्मचारियों से पहचान पत्र मांगे, लेकिन कर्मचारियों ने पहचान पत्र नहीं दिखाए। जिसके बाद हंगामा शुरू हो गया। हंगामे की सूचना पर बाबूगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दोनों कर्मचारियों को थाने लेकर आ गयी। सूचना पर प्राधिकरण के अवर अभियंता भी थाने पहुंच गए और कर्मचारियों के बारे में पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद दोनों पक्षों में आपसी सहमति के बाद मामला शांत हो गया।
कार्यवाहक थाना प्रभारी संजेश कुमार का कहना है कि लोगों की शिकायत के बाद पुलिस दो लोगों को थाने लायी थी। अधिकारियों के आने के बाद दोनों को उनके सुपुर्द कर दिया गया। भवन स्वामी से प्राधिकरण के अधिकारियों के समक्ष मानचित्र के दस्तावेज दिखाने के निर्देश दिए गए हैं।