कोरोना का डर से स्थगित हुए होली मिलन कार्यक्रम
हापुड़। कोरोना वायरल से लड़ने के लिए क्षेत्रीय लोगों ने जीवटता दिखानी शुरू कर दी है। इस वायरस को एक साथ मिलकर हराया जा सके, इसके लिए लोग अपने महत्वपूर्ण कार्यक्रम भी रद्द करने लगे हैं। आईआईए, धीरखेड़ा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अलावा समस्त ब्राह्मण समाज तथा हापुड़ स्माल स्केल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, लायंस क्लब ने अपना होली मिलन कार्यक्रम रद्द कर दिया है।
आईआईए की एक आपात बैठक बृहस्पतिवार को धीरखेड़ा इंडस्ट्रीयल एरिया में हुई। धीरखेड़ा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के सचिव सोनू चुग ने बताया कि कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए सरकार ने एडवाइजरी जारी की है। खुद प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ने भी होली मिलन कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है। ऐसे में उनका भी दायित्व बनता है कि भीड़ भाड़ वाले कार्यक्रमों का आयोजन न किया जाए। इसके लिए सात मार्च को आयोजित होने पर आईआईए और धीरखेड़ा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के होली मिलन कार्यक्रम के कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है। इसके अलावा हापुड़ स्माल स्केल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन द्वारा घोषित कार्यक्रम को भी स्थगित कर दिया गया है।
उधर, समस्त ब्राह्मण समाज व हापुड़ कपड़ा व्यापारी समिति का आठ मार्च को आयोजित होने वाला होली मिलन कार्यक्रम भी स्थगित कर दिया है। लायंस क्लब हापुड़ ने भी अपने दस मार्च को होने वाले कार्यक्रम को रद्द कर दिया है।