कोरोना से बचाव को व्यापक स्तर पर करें प्रचार: डीएम
हापुड़। डीएम अदिति सिंह ने कहा कि कोरोना वायरस को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। इस ममले में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। वायरस से बचाव के लिए आवश्यक प्रचार प्रसार किया जाए। सीएचसी, पीएचसी के अलावा सार्वजनिक स्थानों पर बचाव के तरीकों के संबंध में बैनर और होर्डिंग्स लगवाएं जाएं। डीएम कलक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कर रही थी।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कोरोना वायरल के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। स्वास्थ्य विभाग हर परिस्थिति को लेकर तैयार रहते हुए अपनी तैयारियां पूरी रखे। उन्होंने कहा कि जिले में जो सरकारी निर्माण कार्य चल रहे हैं उन्हें समय सीमा से पूरा कर लें। बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि कायाकल्प योजना के अंतर्गत बताएं कि कहीं स्कूलों में फर्श, शौचालय या पेयजल के लिए टंकी आदि का निर्माण नहीं हुआ है तो उसे जिला पंचायत राज विभाग के माध्यम से पूरा कराया जाएगा। जिला कृषि अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि चिन्हित किसानों को फसल बीमा के पात्र किसानों को जल्द से जल्द लाभ दिया जाए। इसमें लापरवाही न बरती जाए। बैठक में सीडीओ उदय सिंह, एडीएम जयनाथ यादव, सीएमओ रेखा शर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।