हापुड़ के मरीज में स्वाइन फ्लू की पुष्टि, मचा हड़कंप
हापुड़। कोरोना वायरस के भय के बीच हापुड़ में स्वाइन फ्लू ने फिर से दस्तक दे दी है। गांव पारपा निवासी एक मरीज में स्वाइन फ्लू की पुष्टि से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का दावा है कि उक्त मरीज को दवाओं से आराम पहुंच रहा है और जल्द ही वह स्वस्थ हो जाएगा। कुल मिलाकर इस वर्ष मरीजों की संख्या तीन पहुंच गई है, जबकि एक की मौत भी इस रोग के कारण हो चुकी है। जिलेभर के सरकारी अस्पतालों में आईसोलेशन वार्ड बना दिए गए हैं।
हापुड़ से सटे जिला मेरठ में बड़ी संख्या में स्वाइन फ्लू के मरीज मिल रहे हैं। स्वाइन फ्लू का वायरस एक से दूसरे मरीज में तेजी से फैलता है। यही कारण है कि अब हापुड़ में भी यह रोग तेजी से सक्रिय हो रहा है। हाल ही में गांव पारपा निवासी एक व्यक्ति में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है, सरकारी लैब ने यह पुष्टि की है।
इसकी सूचना मिलते ही हापुड़ के स्वास्थ्य विभाग की टीम आनन फानन में मरीज के घर पहुंची और परिजनों का हाल जाना। साथ ही मरीज की निगरानी भी शुरू कर दी है। अधिकारियों का दावा है कि दवाओं से मरीज को आराम पहुंच रहा है। जल्द ही वह स्वस्थ हो जाएगा। कुल मिलाकर कोरोना वायरस के भय के बीच स्वाइन फ्लू लोगों की सेहत को तोड़ रहा है।
अस्पतालों में भेजा टेमी फ्लू दवाओं का स्टॉक
स्वाइन फ्लू को देखते हुए चिकित्साधिकारियों ने सरकारी अस्पतालों में टेमी फ्लू दवाओं का स्टॉक भेज दिया है। साथ ही मास्क भी उपलब्ध करा दिए गए हैं। मरीजों को बेहतर उपचार दिलाने के निर्देश दिए गए हैं।
आइसोलेशन वार्ड में रहेेंगे संक्रमित लोग
सरकारी अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड भी बना दिए गए हैं। इन वार्डों में संक्रमित लोग रहेंगे। स्वाइन फ्लू, कोरोना के संदिग्ध मरीजों को भी इन्हीं में रखा जाएगा। अधिकारी बेहतर सुविधा का दावा कर रहे हैं।
वर्ष 2019 की शुरूआत में मिले थे 51 मरीज
वर्ष 2019 की शुरूआत में भी जिले में स्वाइन फ्लू ने जमकर तांडव मचाया था। उस समय जिलेभर के करीब 51 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि की गई थी। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के अनुसार उस दौरान कोई मौत नहीं हुई थी।
यह बरते सावधानी
* खांसते व छींकते समय मुंह, नाक पर कपड़ा रखें।
* हाथों को साबुन व गुनगुने पानी से धोएं।
* अपने मुंह व नाक को हाथ से न छुएं।
* भीड़ वाले स्थानों से दूर रहें, पानी का अधिक सेवन करें।
* हरी सब्जियां, मौसमी फल, साइट्रस फलों का अधिक सेवन करें।
कोरोना को लेकर बढ़ी सतर्कता
कोरोना वायरस को लेकर जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रत्येक संदिग्ध पर नजर रख रहीं हैं। हालांकि जिले में अभी तक इस तरह का कोई मरीज प्रकाश में नहीं आया है। चिकित्सकों को भी अलर्ट कर दिया गया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा.रेखा शर्मा ने बताया कि संक्रामक रोगों पर शिकंजा कसने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। बेहतर इंतजाम के चलते इस वर्ष स्वाइन फ्लू का असर बीते वर्षों के मुकाबले काफी कम है। अभी तक सिर्फ तीन लोगों में ही स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो सकी है।