अप्रशिक्षित चिकित्सकों ने कराया प्रसव, बच्चे का ब्रेन डैमेज
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में अप्रशिक्षित चिकित्सकों ने महिला का प्रसव कर दिया। लापरवाही से नवजात का ब्रेन डैमेज हो गया। महिला के परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इस संबंध में महिला के भाई की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मेरठ के गंगानगर निवासी अनिल कुमार गर्ग की बहन ममता को प्रसव पीड़ा होने पर उसे कोतवाली क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि अप्रशिक्षित चिकित्सकों ने उसकी बहन की डिलीवरी करा दी। इस दौरान बरती गई लापरवाही के चलते नवजात बच्चे का ब्रेन डैमेज हो गया। जानकारी करने पर पता चला कि जो चिकित्सक वहां प्रसव करा रहें हैं, उनके पास प्रशिक्षण की डिग्री तक भी नहीं है। महिला के परिजनों ने अस्पताल में काफी हंगामा भी किया। बहरहाल, इस मामले में पीड़िता के भाई ने कोतवाली में तहरीर दी। जिसके बाद पुलिस ने तीन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बता दें कि उक्त अस्पताल पर पहले भी कई बार अप्रशिक्षित चिकित्सकों से प्रसव कराने के आरोप लग चुके हैं। फिर भी स्वास्थ्य विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
कोतवाली प्रभारी अवनीश गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर सुमन पत्नी लीलू, मुकेश पुत्र राम सिंह निवासी जसरूपनगर, डा. बबली पत्नी विनोद निवासी चंद्रलोक कॉलोनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।