इंजन बेपटरी मामला : प्राथमिक जांच में चालक-सहचालक मिले दोषी
हापुड़। रेलवे स्टेशन पर मंगलवार देर रात पटरी से ट्रेन का इंजन उतर जाने के मामले में रेलवे प्रशासन हापुड़ ने जांच पड़ताल पूरी कर मंडल को भेज दी है। फिलहाल मामले में चालक व सहचालक की लापरवाही सामने आ रही है। अब मंडल स्तर से जांच पड़ताल पूरी होने के बाद मामले में कार्रवाई होगी।
रेलवे अधिकारियों के मंगलवार देर रात मालगाड़ी हापुड़ पहुंची थी। शिफ्टिंग के दौरान मालगाड़ी का इंजन हापुड़ रेलवे स्टेशन की लाइन नंबर आठ से गुजर रहा था। तभी इंजन बेपटरी हो गया। रेलवे अफसरों को इसकी जानकारी होने पर हड़कंप मच गया। रेलवे अफसर मौके पर पहुंच गए। इंजन को बेपटरी होने की घटना ने रेलवे अफसरों की परेशानी पर बल डाल दिए थे। हालांकि घटना यार्ड की ओर लाइन नंबर आठ पर होने की वजह से किसी तरह के जान माल का नुकसान नहीं हुआ। इससे ट्रेनों के संचालन पर भी कोई प्रभाव नहीं पड़ा।
ऐसे में घटना की जानकारी होने पर जांच अधिकारी भी पहुंच गए। रेलवे प्रशासन हापुड़ के अफसरों ने जांच पड़ताल कर रिपोर्ट मुरादाबाद मंडल को भेज दी है। हालांकि चालक व सहचालक दिल्ली रेलवे मंडल होना बताया जा रहा है। अब दिल्ली रेलवे मंडल व मुरादाबाद मंडल से जांच पड़ताल होगी।
रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक तरुण प्रकाश ने बताया कि फिलहाल मामले से संबंधित रिपोर्ट दिल्ली रेलवे मंडल को भेज दी गई है। जांच रिपोर्ट आने पर ही अग्रिम कार्रवाई होगी।
इंजन को रोक नहीं पाने के चलते हुआ हादसा
- सूत्रों की माने तो यार्ड में इंजन खड़ा करते समय चालक-परिचालक ने लापरवाही दिखाई। इसके चलते इंजन रुका नहीं और पटरी से उतर गया। वहीं हादसे के बाद चालक-परिचालक दोनों इंजन को छोड़कर चले गए। अधिकारियों की प्राथमिक जांच में दोनों की यही लापरवाही सामने आई है।