गांवों के विकास को 57 करोड़ पर लगी मुहर
हापुड़। जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में करीब 57 करोड़ के प्रस्तावों पर मुहर लग गई। बैठक में रखे गए कुल 17 प्रस्तावों में 16 प्रस्ताव पास कर दिए गए। हालांकि जिला पंचायत सदस्यों ने बिना उनकी जानकारी के क्षेत्र में विकास कार्य कराने का आरोप जरूर लगाया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष और अधिकारियों के आवास बनाने संबंधी प्रस्ताव भी पास हो गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष अमृता कुमार की अध्यक्षता में दोपहर करीब 12.45 बजे सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस में बैठक हुई। अपर मुख्य अधिकारी प्रणव पांडेय ने एक एक कर प्रस्ताव पढ़ने शुरू किए। जिला पंचायज सदस्यों द्वारा कुल 17 प्रस्तावों में से 16 प्रस्ताव पास कर दिए गए।
प्रस्तावों के अनुसार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना फेस तीन के तहत जिले में चारों ब्लॉक क्षेत्रों में 12 किलोमीटर की सड़कों का चौड़ीकरण और निर्माण होगा। प्रत्येक ब्लॉक क्षेत्र में तीन-तीन किलोमीटर की सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। जिला पंचायत अध्यक्ष, अधिकारियों और कर्मचारियों के आवास बनाने के लिए जमीन की खरीद की जाएगी। इसमें 4600 वर्ग मीटर भूमि की आवश्यकता पड़ेगी। इसके लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखकर एलएमसी की भूमि चिन्हित करने की मांग की जाएगी। यदि ऐसा नहीं होता है तो प्रशासन के सहयोग से जिला पंचायत इसके लिए भूमि खरीदेगा। गढ़ में गंगा मार्ग पर गंगा द्वार का सुंदरीकरण जिला वित्त द्वारा करीब 10 लाख की धनराशि से होगा। वित्तीय वर्ष 2020-21 के लिए प्रस्तावित किए जाने वाले संपत्ति व विभव कर दाता सूची का अनुमोदन मांगा गया, वित्तीय वर्ष 2021 के लिए मनरेगा बजट 2.95 करोड़ रुपये स्वीकृत करने संबंध प्रस्ताव भी पास हो गया। वित्तीय वर्ष 2017-18 एवं 2018-19 की कार्य योजना में कुछ कारणों से आठ कार्य नहीं हो पाए थे, जिन्हें निरस्त कर दिया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री समग्र ग्राम विकास योजना के अंतर्गत चयनित गांवों मेें से शहीद सैनिक ग्राम लुखराड़ा व सपनावत में तोरण द्वारों का निर्माण पहले ही कराया जा चुका है, इन गांवों में जिला पंचायत द्वारा मूर्ति लगवाई जाएंगी। फ्रीगंज रोड स्थित जिला पंचायत मार्केट है उसका नाम डा. भीम राव अंबेडकर मार्केट होगा। प्रस्ताव संख्या तीन में याचिका समिति से प्राप्त पत्र क्रम के क्रम में प्रस्तावित निर्माण कार्यों का अनुमोदन संबंधी प्रस्ताव पास नहीं हुआ।
बैठक के दौरान जिला पंचायत सदस्य नवीन पंडित ने कहा कि क्षेत्र में कोई भी कार्य कराते समय संबंधित सदस्यों को जानकारी नहीं दी जाती है। जिला पंचायत सदस्य कामिल खां ने कहा कि वार्ड संख्या तीन में जिन कार्यों के प्रस्तावों की सूची उन्होंने दी थी। उन्हें छोड़कर अन्य स्थानों पर मनमर्जी से निर्माण कार्य कराए गए हैं। इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष अमृता कुमार ने कहा कि क्षेत्र की जनता की मांग के अनुसार जो कार्य बताए गए हैं, उन्हें ही कराया गया है। अपने पास से उन्होंने कोई कार्य नहीं कराया है। जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र मावी ने पुराने सभी कार्यों को पूरा कराए जाने की मांग की। बैठक में क्षेत्रीय विधायक विजयपाल आढ़ती, गढ़ विधायक कमल सिंह मलिक, पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता जोत सिंह, समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुमन गौतम, लेखाधिकारी धीरज सिंह व जिला पंचायत सदस्य मौजूद रहे।
बैठक से बाहर भेजने पर सपा जिलाध्यक्ष ने किया हंगामा
जिला पंचायत की बैठक में जिला पंचायत सदस्यों के पतियों को बाहर भेजने पर सपा जिलाध्यक्ष तेजपाल प्रमुख ने हंगामा कर दिया। उनका कहना था कि बैठक में उन्हें बुलाकर बिठाया गया, ऐसे में अब उन्हें बाहर जाने की बात कहकर उनका अपमान किया जा रहा है। सभी सदस्यों ने उनका समर्थन किया। जिसके बाद वे उन्होंने बैठक में भाग लिया।