साकेत में 1.40 करोड़ से बनेगा मॉडल पार्क
हापुड़। शहर के विकास के लिए नगर पालिका ने लगभग 20 करोड़ की योजना तैयार की है। वहीं अब पार्कों को बेहतर बनाने के लिए भी पालिका ने कवायद शुरू कर दी है। गढ़ रोड स्थित साकेत मोहल्ले में बच्चों के लिए मॉडल पार्क बनाने का प्रस्ताव बनाया गया है। इसके लिए 1.40 करोड़ का प्रस्ताव बनाया गया है। अमृत योजना के तहत यह कार्य होना है। अधिकारियों के अनुसार मॉडल पार्क बनाने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। शासन की मोहर लगने के बाद पार्क में विकास कार्य कराने की कवायद की जाएगी।
नगर पालिका परिषद हापुड़ के पार्काें में ओपन जिम बनवा रही है। अब शहर के साकेत पार्क को मॉडल पार्क बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पार्क में बच्चों से लेकर बड़ों के लिए बेहतर सुविधाएं होंगी। इसमें बच्चों के लिए खेल कूद के उपकरण, झूले, बैठने के लिए सीट आदि बनवाए जाएंगे। इसके अलावा पार्क में हरियाली का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसमें सुगंधित पौधों के साथ-साथ शुद्ध हवा देने वाले नीम, पीपल, सहजन आदि के पेड़ पौधे भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा गेट, बाउंड्री वॉल, सोलर लाइट आदि की सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे स्थानीय लोगों को बेहतर पार्क की सुविधा मिल सकेगी।
1.40 करोड़ की धनराशि होगी व्यय
साकेत पार्क को बेहतर करने पर 1.40 करोड़ रुपये की धनराशि व्यय की जाएगी। धनराशि से पार्क को एकदम आधुनिक रूप प्रदान किया जाएगा। जिससे पार्क की वर्तमान रूपरेखा ही बदल जाएगी।
कोट -
नगर पालिकाध्यक्ष प्रफुल्ल सारस्वत ने बताया कि साकेत पार्क को मॉडल पार्क बनाने संबंधित प्रस्ताव शासन को बनाकर भेज दिया है। शासन से प्रस्ताव को हरी झंडी मिलने के बाद विकास कार्य कराए जाएंगे। इससे स्थानीय लोगों को मॉडल पार्क की सौगात मिल सकेगी।