मेरठ-खुर्जा रेलवे मार्ग पर यातायात रहा बाधित
हापुड़। मेरठ-खुर्जा रेलवे मार्ग पर शनिवार को बराल के निकट ओएचई लाइन टूट गई। इसकी वजह से मार्ग पर रेल यातायात बाधित रहा। कई ट्रेन घंटों की देरी से हापुड़ रेलवे स्टेशन पर पहुंची। रेलयात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
शनिवार को बराल के निकट ओएचई लाइन टूट गई थी। इसकी वजह से संगम एक्सप्रेस ट्रेन को खुर्जा रोक दिया गया, जबकि मेरठ-खुर्जा पैसेंजर ट्रेन हापुड़ रेलवे स्टेशन पर ही घंटों खड़ी रही और मार्ग ठप्प होने की वजह से शटल के पहिए भी बुलंदशहर में थमे रहे। ऐसे में हापुड़ से बुलंदशहर जाने वाले व बुलंदशहर से हापुड़ आने वाले रेलयात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। रेलयात्रियों को स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा। संगम एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेन को डीजल इंजन लगाकर रवाना किया गया। संगम हापुड़ रेलवे स्टेशन पर करीब छह घंटे की देरी से पहुंची। हापुड़ में शटल का इंतजार कर रहे लोगों को दूसरी ट्रेन व अन्य साधनों से दिल्ली की ओर जाना पड़ा।
स्टेशन अधीक्षक एमआर मीना ने बताया कि बराल के निकट ओएचई लाइन टूटने की वजह से रेल मार्ग बाधित हो गया था। हालांकि दोपहर को लाइन जोड़कर रेल यातायात सुचारु कराया गया।