ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले दो कारखानों पर कार्रवाई
हापुड़। घनी आबादी के बीच ध्वनि प्रदूषण फैला रहे दो कारखानों के बिजली निगम के अधिकारियों द्वारा कनेक्शन काट दिए गए हैं। प्रदूषण विभाग द्वारा किए गए पत्राचार पर बिजली निगम की ओर से यह कार्रवाई की गई है। नगर के कई मोहल्लों में इस तरह के कारखाने धड़ल्ले से चल रहे हैं, जो लोगों की सेहत को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ध्वनि प्रदूषण भी इन स्थानों पर उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है, कार्रवाई से हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
नगर के मोती कॉलोनी में कई कारखाने मानकों को ताक पर रख चलाया जा रहा है। यहां ध्वनि प्रदूषण भी उच्चस्तर का बना हुआ है। आलम यह है कि लोगों को घरों में रह पाना भी मुश्किल हो रहा है। प्रदूषण विभाग ने इसका संज्ञान लिया है, आनन फानन में बिजली निगम के अधिकारियों को कनेक्शन काटने के आदेश दिए गए हैं।
जिसके बाद निगम के अधिकारियों ने दो कारखानों पर कार्रवाई कर दी है और इनका विद्युत कनेक्शन काट दिया गया है। करीब डेढ़ दर्जन से अधिक उद्योग भी कार्रवाई की रडार पर हैं, कभी भी इन पर कार्रवाई की जा सकती है। बहरहाल, निगम की कार्रवाई से कारखाना संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, ध्वनि प्रदूषण से जूझ रहे लोगों को कार्रवाई से राहत मिली है।
अधिशासी अभियंता मनोज कुमार का कहना है कि दो कारखानों के कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई है। आगे जिस तरह के आदेश मिलेंगे, उन पर अमल किया जाएगा।