यूपी दिवस में सरकार की योजनाओं की दी जानकारी
हापुड़। विकास भवन में यूपी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों ने अपनी स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक विजय पाल आढ़ती व गढ़ विधायक कमल मलिक रहे। सदर विधायक विजयपाल आढ़ती ने कहा कि जनपद के अधिकारियों द्वारा योजनाओं के क्रियान्वयन में अच्छा कार्य किया जा रहा है। जिससे कि पात्रों को योजनाओं का लाभ मिलता दिख रहा है।
गढ़ विधायक कमल सिंह मलिक ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार सबका साथ सबका विकास लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है, जिसका परिणाम धरातल पर दिखायी पड़ रहा है। गरीब से गरीब व्यक्ति को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। सरकार द्वारा बेघर लोगों को आवास योजना के माध्यम से आवास दिया जा रहा है। सीडीओ उदय सिंह ने कहा कि उनकी कोशिश यही है कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचे। उन्होंने मुख्य अतिथि को आश्वासन दिया कि योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार करते हुए अधिक से अधिक लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिया जायेगा।
उन्होंने विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया व विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। विधायकों द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाली ऑगनबाड़ी कार्यकत्री, आशा बहु, आशा संगिनी, एनएम को सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण व शहरी, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, श्रम विभाग द्वारा शादी अनुदान योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पीआरडी जवानों को उत्कृष्ट कार्य प्रमाण पत्र, खादी ग्रामोद्य विभाग द्वार कुम्हार योजना के तहत मशीन का वितरण किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए रंगारंग कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन, एडीएम जयनाथ यादव, डीडीओ संजय कुमार, जिला कृषि अधिकारी शिव कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।