दो समुदाय के बीच मारपीट, तीन लोग घायल
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राजीव विहार में एक वृद्ध को दूसरे समुदाय के युवकों द्वारा धक्का देने पर बढ़े विवाद में दो समुदायों में जमकर मारपीट हो गई। जिसमें जमकर लाठी डंडे चले। इसमें तीन लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। वहीं दोनों पक्षों के बीच तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल को तैनात कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला राजीव विहार में मंगलवार की रात करीब साढ़े आठ बजे जुआ खेल रहे कुछ लोगों ने एक समुदाय के बुजुर्ग की पिटाई कर दी। जिस पर उसके आस पास रहने वाले युवकों ने आरोपियों को वहां से पीटकर खदैड़ दिया।
बताया गया है कि बुजुर्ग को पीटने वाले युवक आक्रोशित होकर अपने मोहल्ले रफीकनगर में पहुंचे और वहां से अपने दो दर्जन से अधिक साथियों को लेकर लाठी डंडे लेकर राजीव विहार पहुंचे तथा लोगों के साथ जमकर मारपीट शुरू कर दी।
बताया गया है कि इस घटना से बौखलाए लोगों ने भी मारपीट शुरू कर दी। दोनों पक्षों के बीच जमकर संघर्ष हुआ। इससे वहां अफरा तफरी मच गई। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए। जिनमें महेंद्र सैनी, कपिल सैनी व संजय कुमार घायल हो गए।
इस घटना की सूचना मिलते ही एसएसआई जयपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जिसके बाद दोनों पक्ष वहां से फरार हो हुए। पुलिस ने इस संबंध में कोई गिरफ्तारी नहीं की है। हालांकि पुलिस का कहना है कि तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी। इस घटना में शामिल दोनों पक्षों के लोगों पर कड़ी कार्रवाई होगी। एक समुदाय के लोगों ने बुधवार सुबह तहरीर देने की बात कही है। हालांकि स्थिति तनावपूर्ण देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी जयपाल सिंह का कहना है कि मौके पर पहुंचकर शांति व्यवस्था कायम करा दी गई है। इस मामले में फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है।